नई दिल्ली, 22 अगस्त।
दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में शनिवार को आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समारोह में दो पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। इनमें “डिफेंडर्स ऑफ अखंड भारत” और “सोलह संस्कार ऑफ सनातन धर्म” पुस्तकें शामिल हैं।
“डिफेंडर्स ऑफ अखंड भारत” के लेखक डॉ. अशोक उपाध्याय और डॉ. शोभा उपाध्याय हैं, जबकि “सोलह संस्कार ऑफ सनातन धर्म” की लेखिका डॉ. शोभा उपाध्याय हैं। इन पुस्तकों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की सभ्यतागत विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने, सम्मान देने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में लेखकों ने संयुक्त संबोधन में कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी सैन्य शक्ति से नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यतागत निरंतरता से भी जुड़ी है।
वक्ताओं ने पुस्तकों के संदेश को वर्तमान समय में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शस्त्र देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं, वहीं संस्कार समाज और राष्ट्र की आत्मा की रक्षा करते हैं।
पुस्तकों में भारतीय सभ्यता की निरंतरता पर भी चर्चा की गई है। इसमें बताया गया है कि राजनीतिक बदलावों और ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय सभ्यता हजारों वर्षों से अपनी पहचान बनाए रखने में सफल रही है।
समारोह की अध्यक्षता इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के अध्यक्ष पद्म भूषण राम बहादुर राय ने की। कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव भाई शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू और प्रभात प्रकाशन के प्रबंध निदेशक प्रभात कुमार भी मौजूद रहे।















