नई दिल्ली, 22 अगस्त।
इतिहास के पन्नों में 23 अगस्त का दिन भारत के लिए एक बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि के रूप में दर्ज है। वर्ष 2023 में इसी दिन भारत के चंद्रयान-3 मिशन ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा था। इसके साथ ही भारत चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने वाला दुनिया का चौथा देश बना और दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में पहुंचने वाला पहला देश बना।
चंद्रयान-3 ने 14 जुलाई 2023 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी थी। करीब 40 दिनों की यात्रा के बाद 23 अगस्त 2023 को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर विक्रम लैंडर ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरकर भारत को यह गौरव दिलाया। यह सफलता चंद्रयान-2 मिशन से मिली सीख और सुधारों के आधार पर हासिल की गई।
चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान क्षमता और वैज्ञानिक प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद देशभर में उत्साह और गर्व का माहौल बना। भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए यह मिशन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।
इस उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए भारत सरकार ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में घोषित किया। यह दिन देश के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े सभी लोगों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
महत्वपूर्ण घटनाक्रम
1821: मेक्सिको ने स्वतंत्रता की घोषणा की।
1839: ब्रिटेन ने चीन के साथ युद्ध के दौरान हांगकांग पर कब्जा किया।
1914: जापान ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1939: तत्कालीन सोवियत संघ और जर्मनी के बीच गैर-आक्रामकता संधि पर हस्ताक्षर हुए।
1999: इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच मान्यता संबंधी मुद्दों पर वार्ता फिर शुरू हुई।
2002: अमेरिका ने मिसाइल रक्षा प्रणाली का परीक्षण रोका और इटली ने पाकिस्तान में वाणिज्य दूतावास बंद करने की धमकी दी।
2003: ब्राजील में प्रक्षेपण से पहले एक अंतरिक्ष यान में विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हुई।
2007: यूनेस्को के विश्व स्मृति रजिस्टर-2007 में ऋग्वेद की 30 पांडुलिपियों को शामिल किया गया।
2008: झारखंड के मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने इस्तीफा दिया।
2012: राजस्थान में भारी बारिश से 30 लोगों की मौत हुई।
2013: लेबनान के त्रिपोली में मस्जिद पर हुए हमले में 50 लोगों की मौत हुई।
2023: भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा।
जन्म
1902: एच. वी. आर. आयंगर — भारतीय रिजर्व बैंक के छठे गवर्नर।
1918: अन्ना मणि — भारतीय भौतिक और मौसम वैज्ञानिक।
1918: गोविंद विनायक करंदीकर — प्रसिद्ध मराठी कवि और लेखक।
1923: बलराम जाखड़ — कांग्रेस के वरिष्ठ नेता।
1944: सायरा बानो — प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री।
1968: के. के. — प्रसिद्ध भारतीय पार्श्वगायक।
1995: तेजा सज्जा — भारतीय अभिनेता।
निधन
1975: विनायकराव पटवर्धन — प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायक।
1994: आरती साहा — भारत की प्रसिद्ध महिला तैराक।
2003: ए. एन. मूर्ति राव — कन्नड़ साहित्यकार।
2013: रघुवंश — हिंदी साहित्यकार एवं आलोचक।
2018: कुलदीप नैयर — प्रसिद्ध लेखक और पत्रकार।















