कटिहार, 22 अगस्त।
राज्य सरकार के निर्देश पर जिले के सभी महाविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय विद्यालयों में 25 अगस्त को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। हर महीने के चौथे मंगलवार को होने वाले इस विशेष शिविर का उद्देश्य विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करना है।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बिहार सरकार ने यह पहल शुरू की है। विद्यार्थी अपनी शिकायतें और सुझाव ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कभी भी दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी समस्याएं दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। शिकायत करने वाले विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
शिविर के दौरान छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों के सामने भी रख सकेंगे। पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से 30 दिनों के अंदर निपटारा किया जाएगा और संबंधित विद्यार्थी को इसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ होर्डिंग्स के माध्यम से लोगों को जानकारी दे रहा है।
वहीं शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण, एससी-एसटी कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा युवा एवं कौशल विकास विभाग आपसी तालमेल के साथ स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों के आसपास बैनर और फ्लेक्स लगाकर विद्यार्थियों को इस सुविधा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।














