मुंबई, 22 अगस्त।
महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के विभिन्न शहरों में निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता, तापमान नियंत्रण और खाद्य सामग्री की हैंडलिंग में खामियां पाए जाने के बाद 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित कर दिए गए।
एफडीए के अनुसार, कार्रवाई मुंबई के कुलाबा स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब, मैकडॉनल्ड्स, मालाड स्थित नोवारा, नरीमन पॉइंट स्थित स्टेटस रेस्टोरेंट, खार स्थित खार जिमखाना, सांताक्रूज स्थित बजरंग स्वीट मार्ट और अंधेरी पश्चिम स्थित एएसएम होटल्स एंड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज के खिलाफ की गई। इसके अलावा नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अवंती स्नैक्स और अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स पर भी कार्रवाई हुई।
छत्रपति संभाजीनगर और परभणी के कुछ खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस संबंधी कार्रवाई की गई है।
कुलाबा स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब की रसोई के निरीक्षण में बड़ी संख्या में जीवित मक्खियां, मृत कॉकरोच और खुले में कीड़े पाए गए। खाद्य पदार्थों के पास रसायन रखे मिले, जबकि कुछ बर्तन सीधे फर्श पर रखे थे। एफडीए के अनुसार, निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के अनुपालन में 47 प्रतिशत तक कमी सामने आई।
खार जिमखाना में भी खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य तेल की गुणवत्ता, तापमान नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलीं। साफ बर्तनों पर गंदा पानी गिरने, गंदे बर्तन और जमा पानी जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं।
एफडीए ने निलंबन अवधि में संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की खरीद, उत्पादन, बिक्री और वितरण बंद रखने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।















