नई दिल्ली, 22 अगस्त।
दिल्ली में कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-2 टीम ने फरार चल रहे आरोपित को रानीबाग इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमरजीत उर्फ अमर (40) निवासी त्रिनगर, रामपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई-रंदीप मलिक गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई है। आरोपित पर शिकायतकर्ता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रकम मांगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मौर्या एन्क्लेव थाने में 12 अप्रैल 2026 को एफआईआर संख्या 112/2026 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसे व्हाट्सऐप कॉल और संदेश मिले थे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को रंदीप मलिक और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था और दो करोड़ रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सऐप चैट और संदेश भी उपलब्ध कराए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के साथ रानीबाग, मुल्तानी मोहल्ला और त्रिनगर क्षेत्र में जानकारी जुटाई। 19 अगस्त को टीम को रानीबाग इलाके में आरोपित के बारे में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और 20 अगस्त की शाम करीब पांच बजे मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर मुल्तानी मोहल्ला, रानीबाग से उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित पहले करोलबाग के मोबाइल बाजार में काम कर चुका है और उसने दसवीं तक पढ़ाई की है। पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2026 तक वह कथित रूप से अवैध शराब बिक्री में भी शामिल था। रंगदारी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने कथित तौर पर अपने एक साथी से किसी आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति का मोबाइल नंबर मांगा था, ताकि उसे धमकाकर रुपये वसूले जा सकें। साथी ने शिकायतकर्ता का नंबर और रंगदारी के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन उपलब्ध कराया था। इसके बाद आरोपित ने कारोबारी को धमकाकर दो करोड़ रुपये की मांग की।
पुलिस के मुताबिक, रकम लेने के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल करने की तैयारी थी और भुगतान के लिए शिकायतकर्ता को एक लिंक भी भेजा गया था। आरोपित और उसके साथी के बीच स्नैपचैट के जरिए बातचीत होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रंगदारी की साजिश, कथित गैंग संबंधों और अन्य शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।















