भोपाल, 22 अगस्त।
भोपाल शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पीएम ई-बस सेवा के तहत नई पहल की गई है। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) की ओर से सोमवार, 24 अगस्त से तीन प्रमुख मार्गों बी-35, बी-36 और बी-37 पर 10 नई ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के जुड़ने के बाद शहर में चलने वाली ई-बसों की संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी।
नई बसों के संचालन से व्यस्त समय में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले जहां बसों के बीच 15 से 20 मिनट का अंतर रहता था, वहीं अब प्रमुख समय में हर 10 से 15 मिनट में बस उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को बस स्टॉप पर कम इंतजार करना पड़ेगा और बसों में भीड़ का दबाव भी घटेगा। एसी ई-बसों के माध्यम से लोगों को आरामदायक और प्रदूषण मुक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
मेट्रो, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी से मजबूत होगा संपर्क:-ई-बस सेवा के नए मार्ग शहर के प्रमुख परिवहन केंद्रों को आपस में जोड़ेंगे। बी-36 मार्ग कोच फैक्ट्री भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से बैरागढ़ चिचली होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड तक जाएगा। वहीं बी-37 मार्ग बैरागढ़ ई-बस डिपो से नादरा बस स्टैंड, वल्लभ भवन और बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन होते हुए आईएसबीटी तक पहुंचेगा। इससे रेलवे स्टेशन, मेट्रो और बस टर्मिनल के बीच अंतिम छोर तक पहुंच की सुविधा बेहतर होगी।
यात्रियों को मिलेंगे ये फायदे:नई व्यवस्था में तीन प्रमुख रूटों पर 10 नई ई-बसें शामिल होंगी। इसके बाद शहर में कुल ई-बसों की संख्या 30 हो जाएगी। पीक आवर्स में बसों की उपलब्धता 10 से 15 मिनट के अंतराल पर होगी। इससे बस स्टॉप पर यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़ की स्थिति में सुधार आएगा। एसी बसों में यात्रियों को सुविधाजनक सफर मिलेगा। साथ ही रेलवे स्टेशन, मेट्रो और आईएसबीटी के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रूट प्लान:-बी-35 : बैरागढ़ से आकृति इकोसिटी
चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से आकृति इकोसिटी, सलैया तक चलने वाला यह मार्ग बैरागढ़ क्षेत्र को सलैया और आकृति इकोसिटी से जोड़ेगा।
बी-36 : रेलवे स्टेशन से कोलार रोड
कोच फैक्ट्री भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से बैरागढ़ चिचली होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड तक यह बस सेवा संचालित होगी।
इस मार्ग के प्रमुख स्टॉप में द्वारका नगर, कोच फैक्ट्री, भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1, पुष्पा नगर, अशोका गार्डन, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, ओल्ड सुभाष नगर, शांति निकेतन, चेतक ब्रिज तिराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, भाजपा कार्यालय, सुभाष स्कूल, बिट्टन मार्केट, 1100 क्वार्टर, मनीषा मार्केट, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी चौराहा, मंदाकिनी चौराहा, नयापुरा, ललिता नगर, गेहूंखेड़ा, बैरागढ़ चिचली और श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड शामिल हैं।
बी-37 : बैरागढ़ से आईएसबीटी
बैरागढ़ ई-बस डिपो से नादरा बस स्टैंड, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन होते हुए आईएसबीटी तक यह मार्ग संचालित होगा।
इसके प्रमुख स्टॉप में बैरागढ़ ई-बस डिपो, बैरागढ़ मार्केट, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट, एलबीएस अस्पताल, शाहजहांनाबाद, भोपाल टॉकीज, नादरा बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-6, भारत टॉकीज, लेडी हॉस्पिटल, जहांगीराबाद, पीएचक्यू, मालवीय नगर, मिंटो हॉल, बिड़ला मंदिर, वल्लभ भवन, विंध्याचल, जिला न्यायालय, डीबी मॉल, बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन, चेतक ब्रिज और आईएसबीटी शामिल हैं।
एक नजर में:-10 नई बसें | 3 प्रमुख रूट | कुल 30 ई-बसें | 10-15 मिनट की फ्रीक्वेंसी | मेट्रो-रेलवे-आईएसबीटी कनेक्टिविटी
बीसीएलएल ने नागरिकों से प्रदूषण मुक्त और किफायती सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ई-बस सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।















