नई दिल्ली, 22 अगस्त।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले शहीदों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। तिरंगा देश की एकता, संप्रभुता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है।
एलायंस बहु-राज्य सहकारी समिति लिमिटेड की ओर से अमर वीर शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित ‘मेरा भारत-एक शाम देश के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आठवले ने कहा कि देश की प्रगति का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिले।
उन्होंने युवाओं से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। आठवले ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है, ताकि देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में एलायंस के चेयरमैन डॉ. गुलाब सिंह, हितेन्द्र सिंह, दिल्ली विधानसभा सदस्य कुलदीप सोलंकी समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रमुखता दी गई।















