स्पेन, 22 अगस्त।
स्पेन में जंगलों की आग रोकने के लिए अब इंसान नहीं, गधे काम कर रहे हैं। अंदालूसिया के डोनाना नेशनल पार्क में 18 गधों की विशेष टीम बनाई गई है। ये गधे रोज सात घंटे जंगल में घास खाते हैं और सूखी घास साफ करके प्राकृतिक फायरब्रेक बना देते हैं। गर्मियों में आग लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। ऐसे में ये गधे जंगल की सुरक्षा का अनोखा माध्यम बन गए हैं।
हर सुबह सात बजे इन्हें जंगल में छोड़ दिया जाता है और शाम तक ये चरते रहते हैं। एक गधा एक दिन में 40 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा इलाका साफ कर देता है। इससे घास कम होने के कारण आग तेजी से नहीं फैल पाती। पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में, जहां मशीनें नहीं पहुंच पातीं, वहां गधे आसानी से काम कर लेते हैं। इनके लिए न ईंधन की जरूरत होती है और न रखरखाव पर बड़ा खर्च।
डोनाना पार्क में इस प्रयोग के अच्छे नतीजे सामने आए हैं। आग की घटनाएं 60 फीसदी तक कम हुई हैं और लागत भी घटी है। सफलता के बाद स्पेन सरकार ने इस मॉडल को देश के 62 और जंगलों में लागू करने का फैसला किया है। स्थानीय लोगों को गधों की देखभाल का काम मिला है, जिससे रोजगार भी पैदा हुआ है।
मशीनों से घास काटने पर मिट्टी और छोटे जीवों को नुकसान होता है, जबकि गधे घास खाकर उसे खाद में बदल देते हैं। इससे जमीन की उर्वरता बढ़ती है और पर्यावरण को भी लाभ होता है। साथ ही इको टूरिज्म को बढ़ावा मिला है।
भारत में भी हर साल जंगलों में आग लगती है, खासकर गर्मियों में हिमालय और दक्षिण भारत के जंगल प्रभावित होते हैं। स्पेन का यह मॉडल भारत के लिए भी उपयोगी हो सकता है। इससे आग पर नियंत्रण के साथ ग्रामीणों को रोजगार भी मिल सकता है। 18 गधों ने साबित किया है कि बड़ी समस्या का समाधान छोटे और सरल तरीके से भी निकाला जा सकता है।














