नई दिल्ली, 22 अगस्त।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को तमिलनाडु के वेलूर स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) में ‘सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च इन बैक्टीरियोफेज एंड इंफेक्शियस डिजीजेज’ (कार्बिड) का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक क्षमता अब अनुसंधान से समाधान और नवाचार से जनहित की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के सहयोग से स्थापित यह केंद्र संक्रामक रोगों के क्षेत्र में अत्याधुनिक शोध को नई दिशा देगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि ऐसे संस्थान स्वस्थ भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक स्वास्थ्य अनुसंधान में भारत की भूमिका को भी और प्रभावी बनाएंगे।
यह केंद्र आईसीएमआर द्वारा वित्त पोषित प्रतिष्ठित एक्स्ट्रा-म्यूरल सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च कार्यक्रम के तहत वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में डॉ. एन. रमेश द्वारा स्थापित किया गया है।
कार्बिड केंद्र घातक बैक्टीरियल संक्रमणों से निपटने के लिए बैक्टीरियोफेज के पृथक्करण, पहचान और उपचार में उनके उपयोग से जुड़ी आधुनिक शोध गतिविधियों पर काम करेगा। यह पहल विशेष रूप से बढ़ते रोगाणुरोधी प्रतिरोध के मामलों को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह केंद्र संक्रामक रोगों के प्रबंधन के लिए बहु-विषयक शोध, विकास परियोजनाओं, प्रयोगशाला से उपचार तक पहुंचने वाले अनुसंधान और परामर्श सेवाओं पर भी सक्रिय रूप से कार्य करेगा।















