भोपाल, 22 अगस्त।
राजधानी के आवासीय क्षेत्रों में बढ़ते अवैध निर्माण और व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ रहवासियों ने विरोध तेज करने का निर्णय लिया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद कथित अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर प्रभावी सीलिंग और कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए नागरिक 22 अगस्त को टॉर्च लाइट मार्च निकालेंगे।
रहवासियों का आरोप है कि एक अगस्त को नगर निगम की कार्रवाई के बाद कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने निगम के निर्देश के अनुसार अपने प्रतिष्ठान बंद होने की सूचना लगाई थी। अब उन्हीं स्थानों पर दोबारा टू-लेट बोर्ड लगाए जाने का दावा किया जा रहा है।
नागरिकों का कहना है कि यदि कार्रवाई के बाद भी उन्हीं परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियों की तैयारी जारी है तो इससे नगर निगम की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े होते हैं। उनका आरोप है कि अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर स्थायी रोक नहीं लग सकी है।
रहवासियों ने मांग की है कि आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए और चिन्हित अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएं।















