नई दिल्ली, 23 अगस्त।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल को मंजूरी दे दी गई है। खेल मंत्रालय ने जापान में अगले महीने होने वाले इस आयोजन के लिए 492 सदस्यीय भारतीय दल को स्वीकृति प्रदान की है।
इस दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व एथलेटिक्स में है, जिसमें कुल 73 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
एथलेटिक्स टीम में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की ज्योति याराजी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
भारत की 20 सदस्यीय बैडमिंटन टीम में पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
इस टीम में महिला युगल जोड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली के साथ पुरुष युगल जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी शामिल हैं।
वहीं मुक्केबाजी दल में 11 खिलाड़ियों को जगह मिली है। इसमें हाल के राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन, 90 किलोग्राम से अधिक वर्ग के नरेंद्र बरवाल और 55 किलोग्राम वर्ग के जदुमणि सिंह शामिल हैं।














