कोलकाता, 24 अगस्त।
पश्चिम बंगाल में मानसून की सक्रियता अभी भी लगातार बनी हुई है, जिसके चलते राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के पूरे आसार हैं।
झाड़ग्राम और पुरुलिया जैसे जिलों में कुछेक स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि कुछ तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी पूरी संभावना है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी समेत अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा और कई जगहों पर वज्रपात के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राजधानी कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में भी आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा तथा कुछ समय के लिए हल्की से मध्यम फुहारें गिर सकती हैं। मौसम विभाग द्वारा बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र को देखते हुए समुद्र में उठने वाली तेज लहरों के कारण मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।















