अनूपपुर, 24 अगस्त।
सावन के अंतिम सोमवार पर मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित अमरकंटक सहित जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने लगीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। अमरकंटक में पूरे दिन हर-हर महादेव, बोल बम और नर्मदे हर के जयघोष गूंजते रहे। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर शाम तक यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा भी समर्थकों के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इसके बाद वे ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने देश और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर पहुंचे कांवड़िएभोर होते ही महिला, पुरुष और बच्चों सहित कांवड़ियों के कई दल अमरकंटक पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले तीर्थकोटि सरोवर में स्नान किया और इसके बाद नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना की। उद्गम कुंड से पवित्र जल लेने के बाद कांवड़िए करीब आठ किलोमीटर की पैदल यात्रा कर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नर्मदा जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।
बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह बना रहा। पूरे रास्ते श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच कांवड़ यात्रा जारी रही।

श्रावण मास के दौरान अनूपपुर भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम भी कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने। उन्होंने नर्मदा उद्गम से पवित्र जल लिया और धार्मिक यात्रा पर निकले। बावनगढ़ पहुंचने के बाद उन्होंने जगतगुरु स्वामी माउली सरकार के सानिध्य में भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और श्रद्धालु मौजूद रहे।
विधायक मार्को ने किया शिव अभिषेकपुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को भी समर्थकों और श्रद्धालुओं के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम कुंड से जल लिया और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कांग्रेस सेवा दल ने किया रुद्राभिषेकमध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार भी अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा का पूजन किया और उद्गम कुंड से पवित्र जल लिया। इसके बाद 11 रुद्र महादेव, सिद्धेश्वर महादेव और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया।

सावन के अंतिम सोमवार को अनूपपुर जिले के अलग-अलग शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ लोगों ने अपने घरों में भी भगवान शिव की आराधना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
पर्यटन स्थलों पर भी बढ़ी भीड़अमरकंटक पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के साथ माई की बगिया और सोनमुड़ा सहित अन्य प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों का रुख किया। इन जगहों पर भी दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। अमरकंटक के धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के कारण सावन के अंतिम सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ पर्यटक भी पहुंचे।















