लखनऊ, 24 अगस्त।
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। दौरे के दौरान वे सोमवार और मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे और जेन-जी के युवाओं से भी संवाद करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने लखनऊ पहुंचने के बाद कहा कि यह शहर उनके लिए विशेष महत्व रखता है और उनकी शिक्षा भी यहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मतदाताओं तक चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा संदेश पहुंचाना दौरे का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी लोकतंत्र की आधारशिला हैं और उन्हें चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा पूरी व्यवस्था को समझाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दो दिवसीय दौरे में मुख्य चुनाव आयुक्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में होने वाले कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने पर जोर रहेगा।
ज्ञानेश कुमार की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं। उन्होंने वर्ष 1979 में हाईस्कूल और 1981 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद में प्रथम स्थान हासिल किया था।
वर्ष 1979 में करीब 10 लाख विद्यार्थियों के बीच उन्होंने हाईस्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद 1981 में करीब छह लाख विद्यार्थियों के बीच इंटरमीडिएट में भी उन्होंने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।















