मालदा, 24 अगस्त।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गाजोल में सरकारी योजना का लाभ न मिलने के कारण महिला द्वारा की गई खुदकुशी के मामले में एक चौंकाने वाला नया मोड़ सामने आया है, जहां पुलिस ने मृतिका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती तफ्तीश में यह बात खुलकर सामने आई है कि महिला की मौत के बाद आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने के लिए ही झूठी कहानी गढ़ी थी।
मृतका के पति ने योजना की राशि न मिलने की बात को अपने रिश्तेदारों और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच फैलाया था, ताकि असल वजह पर पर्दा डाला जा सके। पुलिस अधीक्षक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मृतका के भाई की लिखित शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था।
अदालत ने आरोपी को छह दिन की रिमांड पर भेज दिया है, जहां उससे दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर मामलों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना वाले दिन उसी ने मायके वालों को फोन करके सूचना दी थी, जिसके बाद इस पूरे रहस्य से पर्दा उठा है।















