श्रीनगर, 24 अगस्त।
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में आमतौर पर गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने के पूरे आसार हैं, साथ ही कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी पूरी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी इकतीस अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट से लेकर कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जिसमें सुबह और दोपहर के वक्त कुछ स्थानों पर तेज फुहारें भी गिर सकती हैं। इसके अलावा एक और दो सितंबर को भी उमस भरा माहौल जारी रहने तथा तीन से पांच सितंबर के बीच कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी खिसकने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। वहीं किसानों को यह सुझाव दिया गया है कि वे स्थानीय मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी कटाई और अन्य कृषि संबंधी कार्य सुचारू रूप से जारी रख सकते हैं।















