पश्चिम बर्दवान, 24 अगस्त।
कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में सामने आए दूध कांड को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच राज्य की नगर पालिका एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विपक्ष पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि फुटपाथ पर किसी भी बच्चे के मुंह से दूध नहीं छीना गया था, बल्कि उसके परिवार को वहां से हटने के लिए कहा गया था।
मंत्री का कहना था कि व्यस्त सड़क पर छोटे बच्चे का रेंगना किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है और फुटपाथ पूरी तरह से पैदल चलने वालों के लिए होता है, जिसे अतिक्रमण मुक्त रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार शहर में अवैध पार्किंग और अवैध कब्जों के खिलाफ अपनी कारवाही लगातार जारी रखेगी।
अग्निमित्रा पाल ने आगे कहा कि राज्य में नए उद्योग और निवेश को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके लिए शहर की बुनियादी सुविधाओं, सड़कों और नालियों में सुधार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अंत में यह भी दोहराया कि जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शहर को व्यवस्थित बनाने का यह अभियान नहीं रुकेगा।















