पश्चिम बर्दवान, 24 अगस्त।
तृणमूल शासनकाल के दौरान हुए विभिन्न भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कोकओवेन थानांतर्गत डीपीएल टाउनशिप इलाके में रविवार की रात एक पूर्व तृणमूल पार्षद शशांक शेखर मंडल के आवास का घेराव किए जाने के बाद भारी तनाव फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने उनके घर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और वहां तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे स्थिति तेजी से बेकाबू हो गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस और रैफ के भारी दस्ते को मौके पर तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
स्थानीय जनता का यह सख्त आरोप है कि इतने गंभीर भ्रष्टाचारों में घिरे व्यक्ति को इलाके में नहीं रहने दिया जाएगा, जिसके चलते घंटों तक हंगामा जारी रहा। बाद में पुलिस ने आरोपी पूर्व पार्षद को हिरासत में ले लिया है और स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।















