भोपाल, 24 अगस्त।
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों से जुड़े अलग-अलग मामले मंत्री के सामने रखे। चौहान ने इन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और तत्काल समाधान योग्य मामलों का निराकरण कराया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उनका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया या विस्तृत जांच की जरूरत है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए।
चौहान ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनके माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी न हो और पात्र लोगों को समय पर राहत मिल सके, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।















