गुवाहाटी, 24 अगस्त।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में बाढ़ के बाद बने हालात और जारी राहत कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ के बाद चल रही पुनर्वास प्रक्रिया की ताजा स्थिति से भी केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया। बैठक में असम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के पूरे दौर में अमित शाह लगातार राज्य के संपर्क में रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। उन्होंने आने वाले समय में प्रभावित लोगों को सामान्य जीवन में लौटाने के लिए केंद्र से पर्याप्त सहयोग मिलने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान सभी महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सुरक्षित और स्थिर असम के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन तथा निरंतर सहयोग के प्रति आभार जताया।















