सागर, 25 अगस्त।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में बकरी चराने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। राहतगढ़ थाना क्षेत्र के कठौंदा फाजलपुर गांव में सोमवार देर शाम हुए विवाद में पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई, वहीं दो महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, बाबूलाल आदिवासी और खेमचंद अहिरवार के परिवारों के बीच सरकारी पट्टे की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम 65 वर्षीय पूरन आदिवासी और उनके 45 वर्षीय बेटे बाबूलाल आदिवासी खेत के पास मवेशी और बकरियां चरा रहे थे।
इसी दौरान कुछ बकरियां भटककर खेमचंद अहिरवार के खेत में पहुंच गईं। बकरियों के खेत में घुसने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर खेमचंद अहिरवार के परिवार के चार लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से पूरन और बाबूलाल पर हमला कर दिया।
हमले के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को परिजन बाइक से राहतगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में दूसरे पक्ष की सीमा अहिरवार और उनकी बेटी पूजा अहिरवार भी घायल हुई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।















