भोपाल, 25 अगस्त।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अब लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सभी विभागों में पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति की प्रक्रिया शुरू होने वाली है और पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को समय पर सभी सुविधाएं और लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देर से लिया गया निर्णय भी अन्याय के समान होता है। कर्मचारियों के हित और उनकी पदोन्नति से जुड़े निर्णयों में सरकार ने अपनी संवेदनाओं को भी जोड़ा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय में कर्मचारी हित में लिए गए निर्णयों के लिए आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कर्मचारी हित में किए गए फैसलों के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता अंजली वर्मा को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी निर्णय और मजबूत इच्छाशक्ति सुशासन के प्रमुख आधार हैं। राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में सभी आवश्यक कल्याणकारी निर्णय लेने के लिए हमेशा तैयार है।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है। प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार कर्मचारियों को वेतन, भत्ते और पदोन्नति सहित सभी अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे कर्मचारियों में उत्साह बढ़ता है और उनके परिवारों में भी खुशी आती है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कर्मचारियों के वेतन और भत्तों के साथ उनके आवास की जरूरतों का भी ध्यान रख रहे हैं। उन्होंने किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं सहित सभी वर्गों के लिए जनहितकारी निर्णय लिए हैं।
कार्यक्रम के आयोजक और संयोजक सुभाष वर्मा ने मंत्रालय परिवार की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर 2023 से राज्य कर्मचारियों के लिए सकारात्मक बदलाव शुरू हुए। वर्ष 2013 से लंबित भत्तों का भुगतान किया गया और वर्ष 2026 में प्रदेश के 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति मिली।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जनकल्याण के लिए मजबूत व्यवस्था जरूरी होती है और मुख्यमंत्री इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।















