नई दिल्ली, 25 अगस्त।
भारतीय लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है। 38 वर्षीय कर्ण ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से दूरी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने भारत के लिए एक टेस्ट, दो वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला।
कर्ण ने यूपी टी-20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स की ओर से खेलने के बाद यह निर्णय लिया। वह 25 अगस्त को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ मेवरिक्स के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे।
मेरठ के रहने वाले कर्ण शर्मा ने वर्ष 2014 में भारत के लिए तीनों प्रारूपों में पदार्पण किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में अपना एकमात्र टेस्ट मैच खेला, जिसमें दोनों पारियों में दो-दो विकेट हासिल किए।
इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उन्होंने जो रूट का विकेट लिया था। इसी वर्ष उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों वनडे मुकाबले भी खेले थे।
इसके बाद वर्ष 2015 में जिम्बाब्वे दौरे के लिए उन्हें भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन चोट के कारण वह टीम से बाहर हो गए। इसके बाद उन्हें दोबारा भारत के लिए खेलने का अवसर नहीं मिला।
घरेलू क्रिकेट में कर्ण शर्मा का करियर करीब दो दशक का रहा। उन्होंने 2007-08 सत्र में प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट में पदार्पण किया था। अपने पहले रणजी ट्रॉफी मुकाबले में ही उन्होंने शतक लगाया था।
2012-13 सत्र में तीन रणजी मुकाबलों में 21 विकेट लेने के बाद उन्हें बीसीसीआई के सर्वश्रेष्ठ अंडर-25 क्रिकेटर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
कर्ण ने घरेलू क्रिकेट में रेलवे, आंध्र और विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 97 मुकाबलों में 270 विकेट लिए। वहीं लिस्ट-ए के 123 मैचों में 153 विकेट और 191 टी-20 मुकाबलों में 168 विकेट उनके नाम दर्ज हैं।
आईपीएल में भी कर्ण शर्मा ने खास उपलब्धि हासिल की थी। वह लगातार तीन अलग-अलग टीमों के साथ आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद, 2017 में मुंबई इंडियंस और 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रॉफी जीती थी।
वर्ष 2021 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपना चौथा आईपीएल खिताब भी जीता। उनका आखिरी आईपीएल मुकाबला 2025 में मुंबई इंडियंस की ओर से रहा।
2014 के आईपीएल नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने कर्ण शर्मा को 3.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने थे।
कर्ण शर्मा के अलावा फिल सॉल्ट और सुयश शर्मा भी लगातार तीन आईपीएल सत्रों में चैंपियन टीम का हिस्सा रहने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। सॉल्ट और सुयश ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खिताब जीता था और इसके बाद 2025 व 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लगातार दो ट्रॉफी अपने नाम की थीं।















