आगर मालवा, 25 अगस्त।
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में मंगलवार सुबह उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम रामाखेड़ी के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में कार सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उत्तर प्रदेश नंबर की अर्टिगा कार फोरलेन से गुजर रही थी। रामाखेड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एक महिला कार में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ौद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से मृतकों के शव शासकीय अस्पताल बड़ौद पहुंचाए गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सारिका पत्नी श्यामलाल और उनकी बेटी छवि के रूप में हुई है। हादसे में सूरजपाल, सचिन और श्याम घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्टिगा चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।















