श्रीशैलम, 25 अगस्त।
आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्रीशैलम में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक धर्मशाला के कमरे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले। पुलिस को आशंका है कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और आर्थिक संकट के चलते परिवार ने यह कदम उठाया होगा।
पुलिस के मुताबिक, श्री सत्य साईं जिले के बत्तलापल्ली गांव निवासी पल्लापू सुधाकर (36) 28 जुलाई को अपनी तीन बहनों और 15 वर्षीय भांजे के साथ श्रीशैलम पहुंचे थे। सभी लोग सुधाकर के ऑटो रिक्शा से यहां आए थे और धर्मशाला में एक कमरा किराए पर लिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को धर्मशाला के कमरे में परिवार के पांचों सदस्य मृत अवस्था में मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था, जिसके चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब धर्मशाला कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा बंद देखा और अंदर से दुर्गंध आने लगी। इसके बाद कर्मचारियों ने खिड़की खोलकर देखा तो पांचों सदस्य फंदे से लटके हुए मिले। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
जांच में पुलिस को पता चला कि सुधाकर, उनकी दो बड़ी बहनें, छोटी बहन और भांजा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान थे। सुधाकर की बड़ी बहनें अपने पतियों से अलग रह रही थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। पुलिस के अनुसार, सुधाकर ऑटो रिक्शा चलाकर पूरे परिवार का खर्च उठाते थे।
पुलिस का मानना है कि स्वास्थ्य परेशानियों और आर्थिक तंगी से परेशान होकर परिवार के सदस्यों ने आत्महत्या की होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।














