पुलवामा, 25 अगस्त।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकवादियों के दो मददगारों को धर दबोचा है। राजपोरा क्षेत्र के यारवान जंगल में सेना, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त तलाश अभियान के दौरान इन संदिग्धों को दबोचा गया, जिनके कब्जे से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने जंगल के इलाके में घेराबंदी की थी, जहां से ये दोनों संदिग्ध व्यक्ति गांव की तरफ आ रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद उनकी पहचान स्थानीय निवासियों के रूप में की गई है।
स्थानीय पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षाबलों द्वारा इलाके में आगे की छानबीन की जा रही है ताकि उनके अन्य साथियों का भी सुराग लगाया जा सके।















