अनूपपुर, 25 अगस्त।
अनूपपुर जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती में अनियमितता और ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों के नाम पर शासकीय राशि के दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जनसुनवाई में 66 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार जल्द समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पुष्पराजगढ़ तहसील के ग्राम बकान निवासी तिहरिया देवी ने आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग पर चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और दबाव बनाने का आरोप लगाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्राम बकान के ऊपर टोला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में सहायिका पद के लिए जारी अंतिम मेरिट सूची में उनका नाम पहले स्थान पर था। इसके बावजूद विभाग ने चौथी रैंक वाली आवेदिका सुनीता देवी यादव के पक्ष में नियुक्ति प्रतिवेदन तैयार कर दिया।
तिहरिया देवी ने आरोप लगाया कि नियुक्ति से संबंधित प्रतिवेदन की जानकारी उन्हें नहीं दी जा रही है और जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सहमति देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कर उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किया जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला एवं बाल विकास संचालनालय के भर्ती नियमों की अनदेखी करते हुए चौथी रैंक वाली आवेदिका के बिना सील और हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों को स्वीकार किया गया। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों और आवेदिका के बीच सांठगांठ की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
वहीं कोतमा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गोहन्द्रा के ग्रामीणों ने मनरेगा कार्यों में वित्तीय अनियमितता की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना कार्य कराए ही शासकीय राशि निकाल ली गई।
ग्रामीणों ने मनरेगा पोर्टल के सामग्री रजिस्टर का हवाला देते हुए वसुधा वंदन वाटिका विकास कार्य और खेत तालाब निर्माण सहित अन्य कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने करीब 1 लाख 16 हजार 739 रुपये की राशि के गबन की आशंका जताई।
ग्रामीणों के अनुसार, खेत तालाब निर्माण और स्टॉप डैम मरम्मत जैसे कार्यों के नाम पर राशि निकाली गई है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25, 2025-26 और अगस्त 2026 तक ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए सभी कार्यों और भुगतान की जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच में बिना कार्य किए राशि निकालने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित वेंडर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जनसुनवाई में अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। पुष्पराजगढ़ तहसील के ग्राम कोहका निवासी आरती चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, अनूपपुर तहसील के ग्राम छिल्पा निवासी मुकेश कुमार तिवारी ने भूमि में धान फसल पंजीयन और फसल बीमा संबंधी समस्या के समाधान तथा किरगी निवासी रानू चंद्रवंशी ने मनिहारी दुकान के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आवेदन दिया।
इसके अलावा जैतहरी तहसील के ग्राम पाटन निवासी हीरालाल प्रजापति ने राशन उपलब्ध कराने, पुष्पराजगढ़ के ग्राम बसनिहा निवासी सुरेश प्रसाद गुप्ता ने अधिक बिजली बिल और अनूपपुर वार्ड क्रमांक 14 निवासी बलराम वर्मा ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।















