अनूपपुर, 25 अगस्त।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी जनपद पंचायत अंतर्गत सिवनी गांव में खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जर्जर और कीचड़ भरे मार्ग से परेशान ग्रामीणों ने अब चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
इससे पहले ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत भवन परिसर में एकत्र होकर शांतिपूर्ण धरना दिया और महापंचायत आयोजित की। स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग का समर्थन किया है।
ग्राम पंचायत सिवनी के वार्ड 5 और 6 के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से मुख्य मार्ग की खराब स्थिति से परेशान हैं। सड़क की हालत खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें स्कूली बच्चे भी घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आपात स्थिति में गांव तक एंबुलेंस पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण को लेकर कई बार प्रशासन को आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को जैतहरी एसडीएम को ज्ञापन देकर आंदोलन की जानकारी दी गई थी। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार से सांकेतिक धरना शुरू किया गया, जो मंगलवार तक जारी है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल टीम और एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया तो वे जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।















