भोपाल, 25 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में आयोजित होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान बैठक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ सशक्तिकरण और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तारीख पहले तय की गई थी, लेकिन दतिया उपचुनाव के कारण इसे आगे बढ़ाया गया था। अब बैठक 30 अगस्त को सुबह 9 बजे शुरू होगी और 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे इसका समापन होगा।
बैठक में केंद्रीय मंत्री, भाजपा कोर कमेटी के सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित करीब 300 प्रमुख पदाधिकारी एवं नेता शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर विचार किया जाएगा। इसमें संगठन विस्तार, बूथ स्तर को मजबूत करने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू करने और संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन होगा।
इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक संगठन की आगामी दिशा और कार्ययोजना तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। इसमें वर्तमान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं और चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी।















