बागपत, 25 अगस्त।
बागपत के सिसाना गांव में किराए के मकान में रह रहे हेड कॉन्स्टेबल सुभाष का शव मंगलवार सुबह कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बागपत कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास स्थित सिसाना गांव की है, जो दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के नजदीक है। हेड कॉन्स्टेबल सुभाष पिछले करीब डेढ़ साल से यहां किराए के मकान में रह रहे थे। मंगलवार सुबह उनका शव कमरे में पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही बागपत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाल मनोज चाहल ने बताया कि सिपाही सुभाष बुलंदशहर के रहने वाले थे और वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि पैर फिसलने से गिरने के कारण सिर में चोट लगी होगी, जिससे उनकी मौत हुई। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।














