सोनभद्र, 25 अगस्त।
सोनभद्र में पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हाथीनाला थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई में एम्बुलेंस से 81 किलो गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है।
एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने मंगलवार को बताया कि एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और हाथीनाला थाना पुलिस की संयुक्त टीम हाथीनाला-दुद्धी मार्ग पर रात के समय संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल में पंजीकृत एक संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के केबिन के फर्श में एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 36 टेप लगे पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 81 किलोग्राम अवैध गांजा रखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले निवासी समीर सरकार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के सम्बलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पहुंचाना था।
आरोपी के अनुसार, सुल्तानपुर पहुंचने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति फोन के जरिए वाहन की जानकारी लेकर गांजा उतार लेता था और इसके बदले उसे पैसे दिए जाते थे। उसने यह भी बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी करता था और इससे मिलने वाले लाभ को आपस में बांटता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। तस्करी में इस्तेमाल एम्बुलेंस को भी सीज कर दिया गया है।















