झांसी, 25 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, कांशीराम कॉलोनी स्थित मंदिर में सोमवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने भगवान की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया। मंगलवार सुबह महिलाएं पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचीं तो उन्होंने प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मंदिर के पास एकत्र हो गए और विरोध जताया।
घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मामले की जानकारी मिलने पर राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया भी कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस प्रशासन ने तत्काल नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर धार्मिक स्थल की व्यवस्था बहाल कराई। शिकायत पत्र मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने बताया कि पुलिस को शिकायत पत्र मिल गया है। जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी।















