मुंबई, 25 अगस्त।
अभिनेत्री तापसी पन्नू की आगामी फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। देवाशीष मखीजा के निर्देशन और कनिका ढिल्लों के लेखन व निर्माण में बनी यह फिल्म एक्शन, अपराध और रोमांच से भरपूर कहानी पर आधारित है, जिसमें एक मां अपनी लापता बेटी की तलाश में संघर्ष करती नजर आएगी।
‘कथा पिक्चर्स’ के बैनर तले बनी इस फिल्म में तापसी पन्नू के साथ इश्वाक सिंह, स्वास्तिका मुखर्जी, छाया कदम, जतिन सरना और मीता वशिष्ठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ट्रेलर की शुरुआत तापसी के नेत्रहीन किरदार से होती है, जिसकी पूरी दुनिया उसकी छोटी बेटी के आसपास केंद्रित है। कहानी में उस समय बड़ा बदलाव आता है, जब ट्रेन में उसकी बेटी अचानक गायब हो जाती है।
इसके बाद मां अपनी बेटी को वापस पाने के लिए कठिन सफर पर निकल पड़ती है। शारीरिक चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वह हार नहीं मानती और अपनी कमजोरी को ही अपनी ताकत बनाकर बेटी तक पहुंचने की कोशिश करती है।
ट्रेलर में रहस्यमयी किरदारों, अंधेरे मोड़ों और कई चौंकाने वाले घटनाक्रमों की झलक दिखाई गई है, जो फिल्म की कहानी को और दिलचस्प बनाते हैं।
‘गांधारी’ में रोमांच और रहस्य के साथ मां-बेटी के रिश्ते तथा एक मां के संघर्ष को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म में तापसी का किरदार एक मजबूत और साहसी महिला के रूप में नजर आएगा, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए हर चुनौती का सामना करती है।
फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 3 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा।















