नई दिल्ली, 25 अगस्त।
दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तटीय आंध्र प्रदेश सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 27 से 29 अगस्त के बीच और असम व मेघालय में 26 से 27 अगस्त के दौरान बारिश होने की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 25 से 27 अगस्त और असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 25 से 29 अगस्त तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 और 30 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में 25 से 31 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 25 अगस्त को कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 से 31 अगस्त के दौरान इन क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है। गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में भी 25 से 31 अगस्त तक कुछ स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है।
मध्य महाराष्ट्र में 25 और 26 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा में 25 अगस्त को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 25 से 31 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है। वहीं केरल, माहे और लक्षद्वीप में 29 से 31 अगस्त तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 26 से 31 अगस्त तक वर्षा का अनुमान है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25 से 26 अगस्त के दौरान तथा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 25 से 29 अगस्त तक तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। तटीय कर्नाटक और कर्नाटक के अन्य हिस्सों में भी 25 अगस्त को ऐसी स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने की घटनाएं हुईं। इस दौरान बादल छाए रहे और हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो कुछ समय के लिए 54 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 27 और 28 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर के समय हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चल सकती है।
लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सफदरजंग में 99.1 मिलीमीटर, अयानगर में 101.9 मिलीमीटर और दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में 104 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।















