बेंगलुरु, 25 अगस्त।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी पसंदीदा ऑल-टाइम आईपीएल इलेवन का चयन किया है। उन्होंने अपनी टीम में चार विदेशी खिलाड़ियों और सात भारतीय खिलाड़ियों को जगह दी है। हालांकि, उनकी चुनी हुई टीम में दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा शामिल नहीं हैं।
रोहित शर्मा ने आईपीएल में 281 मुकाबलों में 7329 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता है, जो सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमों में शामिल है।
रजत ने अपनी ऑल-टाइम टीम का खुलासा करते हुए पारी की शुरुआत के लिए वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल और विराट कोहली को चुना है। गेल ने आईपीएल में 142 मैचों में 4965 रन बनाए हैं, वहीं विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 283 मैचों में 9336 रन बनाए हैं।
तीसरे नंबर पर रजत ने सूर्यकुमार यादव और चौथे स्थान पर सुरेश रैना को शामिल किया है। सूर्यकुमार ने 179 मुकाबलों में 4581 रन बनाए हैं, वहीं रैना ने 205 मैचों में 5528 रन बनाकर आईपीएल में अपनी अलग पहचान बनाई।
पांचवें नंबर पर एबी डिविलियर्स और छठे स्थान पर हार्दिक पांड्या को जगह मिली है। डिविलियर्स ने आईपीएल में 184 मैचों में 5162 रन बनाए हैं और लंबे समय तक आरसीबी का हिस्सा रहे हैं। हार्दिक पांड्या ने 162 मुकाबलों में 2955 रन बनाने के साथ 82 विकेट भी हासिल किए हैं।
रजत की टीम में सातवें स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी को शामिल किया गया है। धोनी ने आईपीएल में 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं और उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार खिताब जीता है।
गेंदबाजी विभाग में रजत ने डेल स्टेन, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और सुनील नरेन को चुना है। डेल स्टेन ने आईपीएल में 95 मैचों में 97 विकेट लिए हैं। वहीं बुमराह ने 187 मैचों में 187 विकेट हासिल किए हैं।
युजवेंद्र चहल ने 188 मुकाबलों में 223 विकेट लेकर आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में अपना नाम दर्ज कराया है। सुनील नरेन ने 202 मैचों में 1820 रन बनाने के साथ 207 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
रजत पाटीदार की ऑल-टाइम आईपीएल इलेवन में क्रिस गेल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, सुरेश रैना, एबी डिविलियर्स, हार्दिक पांड्या, एमएस धोनी, डेल स्टेन, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और सुनील नरेन शामिल हैं।















