चंदेरी, 25 अगस्त।
मध्य प्रदेश के चंदेरी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नगरपालिका से जुड़ा मामला प्रमुखता से सामने आया। करीब 12 वर्षों से नगरपालिका में दैनिक वेतन पर काम कर रहीं तीन महिलाओं ने दोबारा सेवा में रखने की मांग को लेकर आवेदन दिया।
लक्ष्मीबाई अहिरवार, चन्द्रप्रभा पाराशर और देविका ठाकुर ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन देकर बताया कि वे लंबे समय से नगरपालिका में विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, लेकिन अब उन्हें काम से हटा दिया गया है।
महिलाओं का कहना है कि रोजगार बंद होने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें जल्द राहत देने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि इस संबंध में वे पहले भी जनसुनवाई में आवेदन दे चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने नगरपालिका प्रतिनिधि आकाश मिश्रा को मौके पर मौजूद महिलाओं की फेस आईडी तैयार कराने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के बाद महिलाओं को दोबारा काम मिलने की उम्मीद जगी है।
नगर की सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी लगाने की मांग
जनसुनवाई में चंदेरी नगर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का मुद्दा भी उठाया गया। लोगों ने मुख्य चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
इस पर एसडीएम ने नगरपालिका अधिकारी, थाना प्रभारी और अशोकनगर पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई जल्द कराने का आश्वासन दिया।
12 आवेदनों पर कार्रवाई का इंतजार
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आजीविका से जुड़े मामलों के साथ नगर सुरक्षा से संबंधित शिकायतें भी शामिल रहीं।
अब इन आवेदनों पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, इस पर नजर रहेगी। खासतौर पर लंबे समय से नगरपालिका में काम कर रहीं महिलाओं के रोजगार से जुड़े मामले में जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।















