भोपाल, 25 अगस्त।
मध्यप्रदेश वन विभाग में लंबे समय से रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया अब पूरी हो गई है। सरकार ने विभाग के 4,506 शासकीय सेवकों को पदोन्नति दी है। करीब एक दशक के इंतजार के बाद मिली इस राहत से अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित आभार एवं अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई कर्मचारियों को वर्दी पर स्टार लगाकर नई जिम्मेदारियों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में बदलाव नहीं है, बल्कि यह कर्मचारियों की वर्षों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। पदोन्नति पाने वालों में 188 सहायक वन संरक्षक, 2,821 वनपाल, 761 उप वन क्षेत्रपाल और 736 अन्य संवर्ग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
सरकार ने पदोन्नति के बाद विभाग में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री के अनुसार वन विभाग में 25,389 पद स्वीकृत हैं और इनमें 18 हजार से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। रिक्त पदों पर नई भर्ती के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
लंबे समय बाद मिली पदोन्नति से वन विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों में उत्साह है। विभाग ने इसे नई जिम्मेदारियों के साथ बेहतर वन संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया है।















