पुंछ, 26 अगस्त।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ शहर स्थित ऐतिहासिक दशनामी अखाड़ा मंदिर से बुधवार को भगवान शिव और देवी पार्वती के पावन स्वरूप का प्रतीक मानी जाने वाली पवित्र छड़ी यात्रा मंडी स्थित बूढ़ा अमरनाथ मंदिर के लिए रवाना कर दी गई है।
राज गुरु गद्दी के महन्त महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में निकली इस यात्रा में बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा के रवाना होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र छड़ी का विधि-विधान से पूजन किया गया जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के बैंड ने धुन बजाकर छड़ी को पारंपरिक सलामी दी। इस धार्मिक आयोजन में उप मुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी समेत कई गणमान्य नेता और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह पवित्र छड़ी यात्रा शाम को अपने गंतव्य बूढ़ा अमरनाथ मंदिर पहुंचेगी जहां शिवलिंग पर इसकी स्थापना के साथ ही तीन दिवसीय रक्षा बंधन मेले और विशेष दर्शन-पूजन का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।















