पंचकूला, 26 अगस्त।
पंचकूला के पिंजौर क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बुटीक संचालिका की गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी एक डायरी बरामद की है, जिसमें महिला ने अपनी हत्या के लिए पति और अन्य परिजनों को जिम्मेदार बताया है।
मृतका की पहचान पिंजौर की रतपुर कॉलोनी निवासी राजेंद्र कौर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेंद्र करीब 15 दिन पहले अपनी दो बेटियों के साथ यहां किराए पर रहने आई थी। उसका एक बेटा पति के साथ रहता है।
राजेंद्र कौर ने घर के पास एक किराए की दुकान में रितू बुटीक शुरू किया था। बुधवार सुबह वह रोज की तरह बुटीक पर काम करने पहुंची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि सुबह करीब 11 बजकर 54 मिनट पर एक व्यक्ति पैदल बुटीक में पहुंचा और अंदर चला गया।
कुछ देर बाद वह व्यक्ति बाहर निकला और दुकान का शटर गिराकर चला गया। इसके बाद उसने दोबारा लौटकर शटर को ठीक से बंद किया। थोड़ी देर बाद राजेंद्र कौर गले पर हाथ रखकर घायल अवस्था में बाहर आई, लेकिन फिर वह बुटीक के अंदर चली गई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान महिला ने हिसाब-किताब की डायरी में अपनी हत्या के लिए पति को जिम्मेदार ठहराने वाली बात लिखी। कुछ समय बाद वहां से गुजर रही एक महिला ने उसे घायल हालत में देखा और मदद के लिए आवाज लगाई।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। पास की फर्नीचर दुकान पर काम करने वाले एक कारपेंटर ने महिला को बुटीक से बाहर निकाला और बाइक सवार की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पिंजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।














