वॉशिंगटन, 26 अगस्त।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की मौत को लेकर चल रही अटकलों पर संदेह जताया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि खामेनेई की मौत हुई है, हालांकि उनके गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आ रही है।
एक रेडियो इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि खामेनेई के शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि उनके हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्से प्रभावित हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनकी मौत की पुष्टि पर भरोसा नहीं है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर खामेनेई की मौत हो चुकी है, तो ईरानी अधिकारी संभवत: इस जानकारी को सार्वजनिक नहीं कर रहे होंगे और उनकी मौजूदगी का संदेश बनाए रखने की कोशिश कर रहे होंगे।
उन्होंने दावा किया कि ईरान में महत्वपूर्ण फैसलों के लिए अब भी खामेनेई से सलाह लेने और अंतिम मंजूरी लेने की प्रक्रिया जारी होने की बात कही जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ जारी तनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अमेरिका की आर्थिक स्थिति मजबूत है और मौजूदा प्रयास एक बड़ी सफलता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरानी नेतृत्व और मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, उनकी मौत या स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।















