भोपाल, 26 अगस्त।
मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर कार्यरत 43 कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति प्रदान की है। दिवंगत विद्युत कर्मियों के आश्रितों को दी गई संविदा नियुक्तियों को नियमित करने की प्रक्रिया के तहत यह निर्णय लिया गया है।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए नियमित नियुक्ति पाने वाले सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता मानव संसाधन एवं प्रशासन धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति नीति-2018 और संशोधित नीति-2023 के प्रावधानों के अनुसार दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को संविदा पदों पर नियुक्त किया गया था।
कंपनी की वर्ष 2026 की योजना के तहत पात्र संविदाकर्मियों को उनके समकक्ष नियमित पदों पर नियुक्ति देने की प्रक्रिया पूरी की गई है। इसके अंतर्गत 43 कर्मचारियों को नियमित पदों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं।
नियमित नियुक्ति पाने वालों में कार्यालय सहायक श्रेणी-3 प्रशिक्षु के चार, सब-स्टेशन परिचारक प्रशिक्षु के 13 और लाइन परिचारक प्रशिक्षु के 26 कर्मचारी शामिल हैं।
नियुक्ति पाने वाले कर्मचारियों में सामान्य वर्ग के 10, अन्य पिछड़ा वर्ग के 20, अनुसूचित जाति वर्ग के 12 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के एक कर्मचारी शामिल हैं।















