जयपुर, 26 अगस्त।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने प्रतापगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए पट्टे ऑनलाइन करने के नाम पर रिश्वत लेने वाले पटवारी मदन लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपी पटवारी मदन लाल पटवार हल्का केलामला में पदस्थ है और ग्राम पंचायत रोहणिया, तहसील पीपलखूंट का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहा था।
एसीबी के अनुसार, प्रतापगढ़ चौकी में एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि पटवारी गांव के लोगों, उसके और परिवार के सदस्यों के पट्टे ऑनलाइन करने तथा मौका देखने के बदले प्रति पट्टा 2 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
परिवादी के परिवार के तीन पट्टे होने के कारण आरोपी ने कुल 6 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी मदन लाल को परिवादी से 6 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 25 हजार 68 रुपये मिले। एसीबी के अनुसार, आरोपी इस राशि के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया। टीम रकम के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।















