नई दिल्ली, 26 अगस्त।
ग्लोबल मार्केट से आज कारोबारी सत्र के दौरान राहत भरे संकेत सामने आ रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजारों में बीते दिन जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला। वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बॉन्ड यील्ड घटने के कारण मजबूती के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 और नैस्डेक में अच्छी खासी बढ़त दर्ज की गई है। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज हरे निशान में कारोबार कर रहा है।
दूसरी तरफ यूरोपीय बाजारों में कल मिला-जुला रुख देखने को मिला। दिनभर कारोबार में तेजी रहने के बाद सत्र के अंतिम घंटों में मुनाफावसूली हावी हो गई। एफटीएसई और डीएएक्स इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि सीएसी इंडेक्स में आखिर में बिकवाली आने से गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों की बात करें तो आज अधिकांश जगहों पर जोरदार खरीदारी का दौर जारी है। एशिया के प्रमुख नौ में से आठ सूचकांक मजबूती दिखा रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी और जकार्ता कंपोजिट के अलावा कोस्पी, ताइवान वेटेड, हैंग सेंग और निक्केई सूचकांकों में भी बेहतरीन तेजी बनी हुई है। केवल स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स में मामूली सुस्ती नजर आ रही है।















