भोपाल, 26 अगस्त।
मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती-2025 में पद बढ़ाने और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थन मिला है। बुधवार को प्रदर्शन स्थल पहुंचे दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षक दिवस से 24 घंटे की भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी।
नीलम पार्क में वर्ग-2 माध्यमिक शिक्षक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती-2025 के अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के छठवें दिन दिग्विजय सिंह पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों ने उन्हें राखी भी बांधी।
दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय करीब 45 हजार नए स्कूल खोले गए और स्थानीय स्तर पर भर्ती की व्यवस्था की गई थी, जिससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर मिले।
उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिलेबस में बदलाव से वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और शिक्षकों को परेशानी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पद खाली हैं तो सरकार भर्ती प्रक्रिया को आगे क्यों नहीं बढ़ा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा और आरएसएस पर भी राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों के लिए वह अपनी उम्र के बावजूद संघर्ष जारी रखेंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि अभ्यर्थियों की मांगों का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वह शिक्षक दिवस से 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे।
गौरतलब है कि प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों ने 21 अगस्त को डीपीआई के सामने प्रदर्शन किया था। इसके बाद से नीलम पार्क में उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे नवंबर 2025 से जुलाई 2026 तक कई चरणों में आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।















