भोपाल, 26 अगस्त।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रहवासी इलाकों में दुकानों पर की जा रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में आज व्यापारियों का बड़ा आंदोलन शुरू हो गया है। इस प्रदर्शन में जिलेभर से पांच हजार से अधिक कारोबारी शामिल होकर गांधी प्रतिमा के सामने शांतिपूर्ण ढंग से रामधुन गाकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रीज के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन के पहले चरण के तहत व्यापारी मिंटो हॉल पहुंचे हैं। संगठन का कहना है कि इस कार्रवाई से केवल दुकान संचालक ही नहीं बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों की रोजी-रोटी भी खतरे में पड़ गई है।
व्यापारियों ने साफ किया है कि यदि सरकार और प्रशासन ने उनकी समस्याओं पर जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो इस विरोध प्रदर्शन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से मांग पत्र भी भेजा जा रहा है।
चैंबर अध्यक्ष गोविंद गोयल के अनुसार प्रशासन की ओर से हजारों कारोबारियों को नोटिस दिए गए हैं जिससे व्यापारियों में भारी चिंता का माहौल है। संगठन की मांग है कि मास्टर प्लान में संशोधन या अन्य विकल्पों के जरिए सरकार इस समस्या का कोई व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकाले।















