अनूपपुर, 26 अगस्त।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार को ईद-ए मिलाद उन नबी का पर्व धार्मिक उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। पैगंबर मोहम्मद साहब की याद में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने विभिन्न कार्यक्रमों और जुलूसों का आयोजन कर अमन-शांति की दुआ मांगी।
जिलेभर में पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 26 कार्यक्रम और 24 जुलूस निकाले गए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रहीं और लगातार निगरानी करती रहीं।
जिला मुख्यालय स्थित जमा मस्जिद में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिवस मनाया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर घर-घर जाकर सिन्नी भी बांटी गई।
ईद-ए मिलाद उन नबी को पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर उनके जीवन, शिक्षाओं और आदर्शों को याद किया गया। लोगों ने प्रेम, एकता और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अनूपपुर जिला मुख्यालय में मस्जिद मोहल्ले से जुलूस-ए-मोहम्मदी की शुरुआत हुई, जो बस स्टैंड, सामतपुर सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम को मस्जिद के पास समाप्त हुआ। इस दौरान मुस्लिम समाज के साथ सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कोतमा नगर में पुराने स्टेट बैंक रोड से जुलूस निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान मस्जिदों और घरों को सजाया गया तथा मिलाद शरीफ, कुरआन खानी और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जैतहरी नगर में भी ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने विशेष नमाज अदा कर पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और संदेशों को याद किया। जरूरतमंदों की सहायता भी की गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 38 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को सतर्क रखा गया है।















