तेहरान, 26 अगस्त।
अमेरिका के पूर्व राजनयिक जोई हुड ने होर्मुज जलडमरूमध्य के हालातों को लेकर अहम बयान दिया है। उनका कहना है कि इस जलमार्ग की स्थिति को लेकर न तो अमेरिका पूरी तरह सच बोल रहा है और न ही ईरान का दावा पूरी तरह दुरुस्त है। हुड के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप का इसे पूरी तरह खुला बताना और ईरान का इसे पूरी तरह बंद करने का दावा दोनों ही सही नहीं हैं।
हुड का यह भी कहना है कि ईरान के पास इस समुद्री रास्ते को मुकम्मल तौर पर बंद करने के साधन नहीं हैं। ईरान इस मार्ग पर दबाव बनाने के मकसद से व्यावसायिक जहाजों को डराता-धमकाता है और उन पर हमले करता है। ऐसे हालातों से निपटने के लिए कई जहाज रात के वक्त अपने ट्रांसपोंडर बंद करके ओमान के तटीय इलाकों से निकलते हैं, जिनकी अमेरिकी सेना रक्षा करती है।
इस बीच ईरान के उप विदेशमंत्री काजिम गरीबाबादी ने साफ किया है कि ओमान के साथ हुए अस्थाई समझौते के बावजूद यह जलमार्ग अभी बंद है। उनका कहना है कि इसे पूरी तरह बहाल करने से पहले अमेरिका को अपने वादे पूरे करने होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से बारूदी सुरंगें हटाई जा चुकी हैं और चेतावनी दी गई है कि नई सुरंगें बिछाने वाले जहाजों को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।
दूसरी तरफ वेसल ट्रैकिंग आंकड़ों से पता चला है कि ओमान की खाड़ी में एक जहाज से दूसरे जहाज पर कार्गो ट्रांसफर करने के दर्जनों मामले सामने आए हैं। इस तकनीक का उपयोग अक्सर माल के मूल ठिकाने को छिपाने के लिए किया जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, इस क्षेत्र से गुजरने वाले भारी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य रिफाइंड उत्पादों का हिसाब रखा जा रहा है जिसमें ईरान से जुड़ा एलपीजी का मामला भी शामिल है।















