भोपाल, 26 अगस्त।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा, किसान मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने तीनों मोर्चों को संगठन विस्तार के साथ जनता से लगातार संवाद बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
खंडेलवाल ने कहा कि मोर्चों का काम केवल संगठन को मजबूत करना नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों की समस्याएं समझकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में उन्होंने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब के विचारों और संविधान के सम्मान को प्राथमिकता देती है। खंडेलवाल ने गरीब और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से सामाजिक एकता और समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही।
किसान मोर्चा की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान वर्ष घोषित किए जाने के बाद मोर्चे की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनने और उनकी बात सरकार तक पहुंचाने को कहा।
खंडेलवाल ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी परेशानियों के समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में सिंचाई क्षेत्र में वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने की अपील की।
युवा मोर्चा की बैठक में खंडेलवाल ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने और सरकार की योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में युवाओं तक प्रमाणित जानकारी पहुंचाना जरूरी है। रोजगार, निवेश, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार के कार्यों को तथ्यों के साथ युवाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा निभाए।
बैठकों में संबंधित मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।















