वॉशिंगटन, 26 अगस्त।
अमेरिका ने फिलिस्तीन समर्थक अभियान समूह फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसे स्पेशली डिजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट (एसडीजीटी) की श्रेणी में शामिल कर दिया है। अमेरिकी वित्त विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी।
अमेरिका का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ब्रिटेन पहले ही फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप को आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंधित कर चुका है। यह संगठन ब्रिटेन में इजराइल से जुड़ी रक्षा कंपनियों को निशाना बनाने वाली गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है।
फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप ने विशेष रूप से ब्रिटेन में इजराइल की प्रमुख रक्षा कंपनी एलबिट सिस्टम्स से जुड़े प्रतिष्ठानों और गतिविधियों को निशाना बनाया है। संगठन की कार्रवाइयों को लेकर लंबे समय से सुरक्षा और कानूनी सवाल उठते रहे हैं।
ब्रिटेन में संगठन पर लगाए गए प्रतिबंध को कानूनी चुनौती भी दी गई है। ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह उस अपील पर सुनवाई करेगा, जिसमें निचली अदालत ने समूह को आतंकवादी संगठन घोषित करने के सरकार के फैसले को सही ठहराया था।
अमेरिका द्वारा एसडीजीटी सूची में शामिल किए जाने के बाद फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप और उससे जुड़े व्यक्तियों या संस्थाओं पर वित्तीय एवं अन्य प्रतिबंधों का दायरा बढ़ सकता है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई के आगे के प्रभावों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।















