भोपाल, 26 अगस्त।
देवास में जलभराव वाले रेलवे अंडरपास से स्कूल वैन निकालकर बच्चों की जान जोखिम में डालने के मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, स्कूल संचालक के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है।
घटना 25 अगस्त को देवास के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज में हुई थी। भारी बारिश के कारण अंडरपास में पानी भर गया था, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाकर रास्ता बंद कर दिया था।
इसके बावजूद सिटी कॉन्वेंट स्कूल के मैजिक वाहन चालक ने बैरिकेड हटाकर वैन को पानी में उतार दिया। पानी अधिक होने के कारण वाहन बीच रास्ते में बंद हो गया। इसके बाद चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर वहां से चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों, डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस ने तुरंत पहुंचकर रस्सी की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उनके निर्देश पर देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कार्रवाई सुनिश्चित की।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। मामले में वैन भी जब्त कर ली गई है।
इसके अलावा सुरक्षा मानकों और चालकों के सत्यापन संबंधी नियमों की अनदेखी करने पर स्कूल संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन और पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वाहनों की फिटनेस, परमिट और चालकों के पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी रखें। साथ ही जलभराव वाले रास्तों और पुल-पुलियों से बच्चों के वाहन नहीं निकालने की सख्त हिदायत दी गई है।















